पटना, 25 मार्च।समृद्धि यात्रा के अंतर्गत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को बक्सर और भोजपुर जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन करेंगे और समीक्षा बैठक में भाग लेंगे।
बक्सर जिले में मुख्यमंत्री 486 करोड़ रुपये की लागत से 23 नई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 106 करोड़ रुपये की लागत से 41 योजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा। इसके अलावा जिले में चल रही विकास और कल्याण योजनाओं की समीक्षा कर वे आम लोगों से सीधे संवाद करेंगे।
भोजपुर जिले में मुख्यमंत्री 269 करोड़ रुपये की लागत से 227 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। साथ ही 197 करोड़ रुपये की लागत से 494 योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। वे जिले में सक्रिय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे और जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुनेंगे।
समृद्धि यात्रा का उद्देश्य राज्य में लागू विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन करना, प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाना और आम जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।











