बहराइच, 25 मार्च 2026।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बहराइच जिले में 136 परिवारों को मुख्यमंत्री आवास, शौचालय और आवास हेतु भूमि के पट्टे वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर राजनीति करने वालों ने गरीबों का भला नहीं किया और यह कार्य अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत की दिशा में किया जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ बहराइच के सेमरहना में भरथापुर के विस्थापित परिवारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इन 136 परिवारों में लगभग 500 लोग शामिल हैं, जिन्हें पिछली सरकारों ने नजरअंदाज किया था। अब उनके लिए नया जीवन सुनिश्चित किया जा रहा है और कोई भी गरीब, दलित, पिछड़ा या जनजातीय परिवार उपेक्षित नहीं रहेगा। उन्होंने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या यह लाभ केवल कुछ जातियों तक सीमित होना चाहिए था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कौडियाला सरयू नदी के पास जब गांव का दौरा किया, तो देखा कि लोग असुरक्षित जंगलों में रह रहे थे। यहां बाघ, हाथी और तेंदुए का खतरा था और नदी में मगरमच्छ व सांप भी मौजूद थे। न सड़क थी, न बिजली, न पक्के मकान। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि नई कॉलोनी का नाम भरतपुर रखा जाए। यह नाम भगवान राम के अनुज भरत जी के सम्मान में रखा गया है, जिन्होंने अयोध्या लौटते समय भाई-भाई के प्रेम का उदाहरण प्रस्तुत किया था।
योगी ने वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफिया, गुंडे और दंगाइयों के कारण प्रदेश में विकास की स्थिति खराब होने पर भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर दंगाइयों को संरक्षण दिया जाता था और गरीबों के लिए किसी की संवेदना नहीं थी। अब इन परिवारों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है और प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।












