गंगटोक, 27 अप्रैल
राजधानी गंगटोक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित आगमन को लेकर राज्य में व्यापक तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर से आगमन संभव नहीं हुआ, तो वे सड़क मार्ग से सिक्किम पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री ने यह बात सोमवार को प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए प्रतीक्षारत लोगों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री सड़क मार्ग का विकल्प अपनाते हैं, तो उनके गंगटोक पहुंचने का समय शाम साढ़े छह बजे तक रहेगा। मुख्यमंत्री स्वयं सुबह से कतार में खड़े लोगों से मिलकर उनका उत्साह बढ़ाते रहे और उन्हें धैर्य बनाए रखने की अपील की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंच रहे हैं, जिनका कार्यक्रम दोपहर तीन बजे राजधानी के निकट लिविंग स्थित आर्मी हेलीपैड पर उतरने का निर्धारित है। पूरे राज्य से बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए गंगटोक में एकत्र हुए हैं।
मुख्यमंत्री तमांग ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर से आगमन यदि संभव नहीं होता है, तो वे राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के माध्यम से सड़क मार्ग से सिक्किम पहुंचेंगे। ऐसा होने की स्थिति में वे सड़क मार्ग से राज्य में आने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हेलीकॉप्टर से आगमन की स्थिति में प्रधानमंत्री दोपहर तीन बजे तक पहुंच जाएंगे, जबकि सड़क मार्ग से आने पर उनका आगमन शाम साढ़े छह बजे तक अपेक्षित रहेगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए उत्साहपूर्वक मौजूद रहने का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-10 ही सिक्किम को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जो उत्तरी बंगाल से शुरू होकर सिक्किम में समाप्त होता है। इससे पूर्व भी खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री का सिक्किम दौरा प्रभावित हो चुका है।










