शिमला, 31 मार्च।
शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में पुलिस ने चार युवकों से 3.66 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। ये युवक मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम को रोहड़ू थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के संबंध में कार्रवाई की। इस दौरान प्रिंस देशटा (सैंजी), अंकित चांजटा (छाजपुर), रजनीश ठाकुर (अडाल) और वीरेन्द्र देशटा (समोली) के कब्जे से 3.66 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। सभी आरोपी इस समय पुलिस हिरासत में हैं।
पुलिस ने इन चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही, चिट्टा की कम मात्रा के कारण आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।












