उत्तर दिनाजपुर, 30 मार्च।
चोपड़ा इलाके में रविवार रात तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच हुई झड़प के बाद सोमवार को पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। घटना कांचाकाली बाजार क्षेत्र में हुई, जिसके बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
दार्जिलिंग लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद राजू बिष्ट सोमवार को घटना स्थल पर पहुंचे और पहले कालागछ स्थित पार्टी कार्यालय में घायल कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। सांसद ने उनका हौसला बढ़ाया और उनके हालचाल जाने। इसके बाद उन्होंने चोपड़ा थाने जाकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और घटना की गंभीरता पर चर्चा की।
सांसद ने आरोप लगाया कि जब भाजपा कार्यकर्ता इलाके में पार्टी का झंडा लगा रहे थे, तब 25-30 तृणमूल समर्थित लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि चोपड़ा के लोग विकास चाहते हैं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इसमें बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि इलाके को “गुंडामुक्त” करना होगा।
घटना के बाद सांसद ने कांचाकाली इलाके में भाजपा उम्मीदवार शंकर अधिकारी के साथ चुनाव प्रचार किया और स्थानीय नेताओं के साथ बैठक की।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक दो लोग गिरफ्तार किए गए हैं और जांच जारी है। फिलहाल इलाके में तनाव बरकरार है और किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।












