धर्मशाला, 17 मार्च।
जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम ने चिट्टे के मुख्य तस्कर लक्ष्य पठानिया को पालमपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी गुप्त सूचना और सतत निगरानी के आधार पर की गई। आरोपी पंजाब के लुधियाना का निवासी है।
हाल ही में पुलिस ने आदित्य बरयाल पुत्र सुभाष चन्द बरयाल को गांव रोडी, पालमपुर के पास 35 ग्राम हैरोइन सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इसके खिलाफ थाना पालमपुर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने गहन पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण और ट्रांजेक्शन हिस्ट्री के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग हासिल किया। जांच में सामने आया कि बरामद चिट्टा आरोपी लक्ष्य पठानिया ने लुधियाना, पंजाब के विभिन्न पते से प्राप्त किया था।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि फरार चल रहे मुख्य तस्कर को पकड़ने के लिए जिला पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। विशेष गुप्त टीम और थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। अथक प्रयास और सूझबूझ के चलते मुख्य तस्कर को पालमपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि नियमानुसार आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। यह गिरफ्तारी जिला में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई का परिणाम है।












