नई दिल्ली, 20 मार्च।
कोल इंडिया की सहयोगी कंपनी सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट (सीएमपीडीआई) लिमिटेड ने 1,842.12 करोड़ रुपये मूल्य का आईपीओ आज निवेशकों के लिए लॉन्च किया। इस इश्यू में आवेदन की अंतिम तिथि 24 मार्च है। इश्यू बंद होने के बाद 25 मार्च को शेयरों का आवंटन होगा और 27 मार्च को अलॉटेड शेयर डीमैट खातों में जमा कर दिए जाएंगे। कंपनी के शेयर 30 मार्च को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध हो सकते हैं।
इस आईपीओ के प्राइस बैंड 163 से 172 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है और लॉट साइज 80 शेयर का है। कंपनी ने कर्मचारियों के लिए प्रति शेयर आठ रुपये का डिस्काउंट भी घोषित किया है। रिटेल निवेशक न्यूनतम एक लॉट यानी 80 शेयरों के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिसमें 13,760 रुपये का निवेश लगेगा। अधिकतम 14 लॉट यानी 1,120 शेयरों के लिए निवेश 1,92,640 रुपये तक हो सकता है। कुल 10.71 करोड़ शेयर ऑफर फॉर सेल के माध्यम से जारी किए जा रहे हैं।
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए 22.83 प्रतिशत शेयर आरक्षित हैं, रिटेल निवेशकों के लिए 39.93 प्रतिशत, नॉन-इंस्टिट्यूशनल निवेशकों के लिए 17.11 प्रतिशत। इसके अलावा कंपनी के पुराने शेयरधारकों के लिए 13.42 प्रतिशत और कर्मचारियों के लिए 6.71 प्रतिशत हिस्सेदारी आरक्षित है। आईपीओ के लिए आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स सर्विसेज लिमिटेड बुक रनिंग लीड मैनेजर और केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड रजिस्ट्रार के रूप में कार्यरत हैं।
कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत है। 2022-23 में शुद्ध लाभ 296.66 करोड़ रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 503.23 करोड़ और 2024-25 में 666.91 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीने (अप्रैल से दिसंबर 2025) में शुद्ध लाभ 425.36 करोड़ रुपये रहा।
राजस्व में भी लगातार वृद्धि दर्ज की गई। 2022-23 में 1,398.78 करोड़, 2023-24 में 1,770.18 करोड़ और 2024-25 में 2,177.53 करोड़ रुपये रहा। चालू वित्त वर्ष के नौ महीनों में राजस्व 1,543.93 करोड़ रुपये रहा।
कर्ज का बोझ लगातार बढ़ा। 2022-23 में 1,074.85 करोड़, 2023-24 में 1,448.81 करोड़ और 2024-25 में 1,899.05 करोड़ रुपये। अप्रैल से दिसंबर 2025 तक कर्ज बढ़कर 2,010.98 करोड़ रुपये हो गया।
नेटवर्थ में भी सुधार हुआ। 2022-23 में 1,217.65 करोड़ रुपये, 2023-24 में 1,591.61 करोड़, 2024-25 में 2,041.85 करोड़ और अप्रैल से दिसंबर 2025 तक 2,153.78 करोड़ रुपये।
ईबीआईटीडीए 2022-23 में 395.65 करोड़, 2023-24 में 764.44 करोड़ और 2024-25 में 915.71 करोड़ रुपये रहा। चालू वित्त वर्ष के नौ महीनों में ईबीआईटीडीए 593.85 करोड़ रुपये के स्तर पर था।












