मध्य प्रदेश
27 Apr, 2026

एमपी में कॉलेज एडमिशन प्रक्रिया 1 मई से शुरू, नई व्यवस्था लागू

मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया एक मई से प्रारंभ कर दी जाएगी जिसमें तीन चरणों में पारदर्शी और सरल प्रक्रिया लागू रहेगी।

भोपाल, 27 अप्रैल,

मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय, अशासकीय महाविद्यालयों तथा एनसीटीई पाठ्यक्रम संचालित करने वाले संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया आगामी एक मई से प्रारंभ होने जा रही है, जो 30 जून 2026 तक संचालित रहेगी।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार विद्यार्थियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से इस बार भी इसे तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें दो केंद्रीकृत चरण और एक सीएलसी (कॉलेज स्तरीय परामर्श) चरण शामिल रहेगा। विद्यार्थी मोबाइल ऐप (ई प्रवेश) तथा ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल के माध्यम से घर बैठे पंजीयन कर सकेंगे। इस सत्र से विद्यार्थी आज से ही ई प्रवेश ऐप पर पंजीयन प्रारंभ कर सकते हैं, जबकि विकल्प चयन की प्रक्रिया एक मई से शुरू होगी।

प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए एनसीटीई एवं पारंपरिक पाठ्यक्रमों हेतु पंजीयन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी पोर्टल शुल्क पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। प्रथम चरण में छात्राओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण से सभी विद्यार्थियों के लिए पंजीयन शुल्क 150 रुपये तय किया गया है। जो विद्यार्थी स्वयं पंजीयन नहीं कर पा रहे हैं, उनके लिए प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ निःशुल्क पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही विद्यार्थियों की सहायता हेतु 24×7 हेल्पलाइन, टोल-फ्री नंबर और हेल्पडेस्क भी सक्रिय किए गए हैं।

विभाग का उद्देश्य है कि प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थी को सुगम, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त हो सके। इसी क्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप इस वर्ष एक नया प्रावधान भी जोड़ा गया है, जिसके तहत अन्य संकाय में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को साक्षात्कार आधारित पात्रता का अवसर मिलेगा। इसके लिए 27 अप्रैल से 14 मई 2026 तक जिले के अग्रणी महाविद्यालयों में वॉक-इन साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। प्रवेश पूर्व की तरह प्रमुख विषय के आधार पर दिया जाएगा, जबकि विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार गौण एवं बहुविषयक विकल्प चुन सकेंगे।

प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत प्रथम आवंटन सूची 20 मई 2026 को, द्वितीय आवंटन सूची 7 जून 2026 को तथा तृतीय आवंटन सूची 23 जून 2026 को जारी की जाएगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़