असम, 30 मार्च।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत नमो ऐप के माध्यम से असम के भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने खुद को भी एक कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को निभाने में वे हमेशा तत्पर रहते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए कहा कि असम में मतदान के रिकॉर्ड टूटेंगे, लेकिन पार्टी को जीत के नए रिकॉर्ड भी बनाना होंगे। इसके लिए बूथ स्तर पर मजबूत प्रदर्शन आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण की सराहना की और कहा कि पहले भी उन्होंने शानदार काम किया है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि पहले कांग्रेस सिर्फ सुर्खियां बटोरने और लोगों को गुमराह करने के लिए कागजों पर समझौते करती थी। सत्ता में आने के बाद उन समझौतों को लागू नहीं किया जाता था, जिससे युवाओं में परेशानी और अशांति फैलती थी। उन्होंने बताया कि भाजपा ने ईमानदारी से शांति समझौतों को जमीन पर लागू किया है और पिछले एक दशक में असम में शांति स्थापित हुई है।
प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लोगों को पश्चिम बंगाल और भाजपा शासित राज्यों के चाय बागानों की स्थिति की तुलना बताएं। इसके जरिए ‘डबल इंजन सरकार’ का महत्व स्पष्ट होता है।
मोदी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के पास नमो ऐप होना जरूरी है। इस ऐप के माध्यम से नारी सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं और सरकारी पहलों की जानकारी मिलती है। उन्होंने असम में चल रही ओरुनोदोई योजना और लखपति दीदी योजना का उल्लेख किया और कहा कि इनकी सफलता की कहानियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि बड़ी जनसभाओं को संबोधित करना सामान्य है, लेकिन बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करना अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं बल्कि जनता का दिल जीतने के लिए काम करते हैं।











