नई दिल्ली, 07 मई।
निर्वाचन आयोग ने असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में संपन्न विधानसभा चुनावों तथा विभिन्न राज्यों की विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के परिणाम घोषित होने के बाद आदर्श आचार संहिता को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का निर्णय लिया है।
आयोग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, वहां लागू आदर्श आचार संहिता अब समाप्त मानी जाएगी। इसके साथ ही संबंधित प्रशासनिक गतिविधियों पर लगे चुनावी प्रतिबंध भी हटा लिए जाएंगे।
हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि पश्चिम बंगाल की 144-फलता विधानसभा सीट पर स्थिति अलग रहेगी। वहां पुनर्मतदान का आदेश दिए जाने के कारण आदर्श आचार संहिता अभी भी प्रभावी रहेगी और चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहेगी।
यह आदेश कैबिनेट सचिव, सभी संबंधित राज्यों के मुख्य सचिवों और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को भेजा गया है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ लागू आचार संहिता मतदान और मतगणना प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहती है।
आदेश में बताया गया कि असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी की विधानसभा चुनाव प्रक्रिया के साथ-साथ गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनावों के परिणाम घोषित होने के बाद यह निर्णय लिया गया है।












.jpg)
