किशनगंज, 23 अप्रैल।
किशनगंज जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक विवाहिता की कथित रूप से बेरहमी से पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है, जबकि मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतका की पहचान जीनत जबी के रूप में हुई है, जो दो वर्ष पहले कोचाधामन थाना क्षेत्र के कलकली गांव निवासी दानिश आलम से शादी के बंधन में बंधी थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के समय ससुराल पक्ष ने भारी दहेज की मांग की थी। आरोप है कि दानिश आलम और उनके परिवार ने मोटरसाइकिल, डेढ़ भर सोना, चांदी के जेवर और फर्नीचर के रूप में करीब पांच लाख रुपये दहेज के रूप में लिया था।
इसके बाद भी शादी के कुछ महीनों के अंदर ही जीनत पर मायके से अतिरिक्त पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाया गया। परिजनों का कहना है कि इस मांग को पूरा न करने पर जीनत को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला।
10 अप्रैल 2026 को आरोपियों ने मिलकर जीनत जबी की लाठी, डंडे और जूतों से बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल अवस्था में उन्हें चूरीपट्टी स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका की मां सहनाज बेगम की शिकायत पर कोचाधामन थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मृतका के परिजनों ने इसे दहेज हत्या करार दिया है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच जारी है और घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है।



.jpg)


.jpg)

.jpg)

.jpg)
