दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़), 22 अप्रैल।
बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में आज का दिन विशेष महत्व का माना जा रहा है, जहां प्रख्यात क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का आगमन प्रस्तावित है। वे छिंदनार और जावंगा जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित किए गए नए मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का विधिवत उद्घाटन करेंगे, जिससे क्षेत्र में खेल अधोसंरचना के विस्तार को नई गति मिलने की संभावना है।
इस अवसर पर गीदम ऑडिटोरियम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से प्रस्तावित संवाद तथा पनेड़ा क्रिकेट ग्राउंड के उद्घाटन कार्यक्रम को निरस्त कर दिया गया है। साथ ही, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रस्तावित दौरा भी अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि यह आयोजन केवल औपचारिक उद्घाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि “मैदान कप” पहल के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को खेल गतिविधियों से जोड़ने की एक व्यापक और दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है। प्रशासन के अनुसार, सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन के सहयोग से जिले में लगभग 50 खेल मैदानों का विकास किया जा रहा है, जिनमें से 15 का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।
जिला प्रशासन के अनुसार, सचिन तेंदुलकर विशेष चार्टर्ड विमान से रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां से वे हेलीकॉप्टर के माध्यम से दंतेवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को अत्यंत सुदृढ़ बनाया गया है। संबंधित अधिकारियों द्वारा छिंदनार एवं पनेड़ा क्षेत्रों में विकसित खेल मैदानों का पूर्व निरीक्षण भी किया जा चुका है।







.jpg)
