चेन्नई, 22 अप्रैल
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं और बुधवार को होने वाले मतदान के लिए पूरा राज्य तैयार नजर आ रहा है। इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में करीब 5.73 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। चुनाव मैदान में राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 4,618 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मंगलवार शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम गया। राज्यभर में 75,032 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 3,022 स्थानों के 5,938 केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।
संवेदनशील केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनहोनी से निपटने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इन स्थानों पर अर्धसैनिक बलों और तमिलनाडु विशेष पुलिस बल के सशस्त्र जवान तैनात किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
मतदान के दिन पूरे राज्य में सुरक्षा के लिए पुलिस, अर्धसैनिक बल, अग्निशमन, जेल, वन विभाग, होमगार्ड और सेवानिवृत्त सैनिकों को मिलाकर लगभग 1.47 लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। केंद्रीय सुरक्षा बलों की करीब 295 कंपनियों के 23 हजार जवान भी राज्य में पहुंच चुके हैं। इनमें 26,203 निरीक्षक, उप निरीक्षक और विशेष उप निरीक्षक के साथ 94,598 हेड कांस्टेबल व अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त विशेष कमांडो और अतिरिक्त बल के 12,150 जवान भी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। राजधानी चेन्नई जिले में अवडी और तांबरम शहर पुलिस को छोड़कर शेष 38 जिलों और 7 महानगरीय पुलिस क्षेत्रों में 1.17 लाख पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। साथ ही करीब 20 हजार सेवानिवृत्त सैनिक, पुलिसकर्मी और वन रक्षक भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगे।
मतदान के दौरान राज्यभर में विशेष बल के जवान 514 वाहनों में गश्त करेंगे, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में 1,100 वाहनों में त्वरित प्रतिक्रिया दल भी सक्रिय रहेंगे, जो किसी भी मतदान केंद्र पर समस्या होने पर तत्काल पहुंचकर व्यवस्था संभालेंगे।







.jpg)


