राजनीति
22 Apr, 2026

कोलकाता में अमित शाह की रणनीतिक बैठक, 13 जिलों की हुई विस्तृत समीक्षा

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण से पहले अमित शाह कोलकाता में रहकर लगातार बैठकों के माध्यम से संगठनात्मक रणनीति और बूथ स्तर की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।

कोलकाता, 22 अप्रैल।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान से पहले भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ प्रचारक एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 27 अप्रैल तक कोलकाता में ही प्रवास करेंगे और लगातार चुनावी गतिविधियों में सक्रिय रहेंगे। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को निर्धारित है, जबकि इसके लिए प्रचार अभियान 23 अप्रैल को समाप्त हो जाएगा। इसी दौरान 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान भी संपन्न होगा, जिसके दौरान भी अमित शाह राज्य में उपस्थित रहेंगे।

मंगलवार देर रात न्यू टाउन स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में अमित शाह ने दूसरे चरण के मतदान को लेकर विस्तृत रणनीतिक बैठक की। इस बैठक में उन क्षेत्रों के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं प्रवासी जिला प्रभारियों के साथ गहन विचार-विमर्श किया गया, जहां दूसरे चरण का मतदान होना है। इस दौरान चार संगठनात्मक क्षेत्रों के प्रमुख नेताओं की भी उपस्थिति रही, जिनके अंतर्गत कुल 13 संगठनात्मक जिले आते हैं। बैठक में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से जुड़े प्रमुख नेता भी मौजूद रहे।

सूत्रों के अनुसार, यह बैठक मंगलवार रात लगभग पौने दस बजे आरंभ हुई और देर रात दो बजकर पांच मिनट पर समाप्त हुई। इस दौरान इन 13 जिलों की प्रत्येक विधानसभा सीट की अलग-अलग समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति, अल्पसंख्यक मतदाताओं का प्रभाव, विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद आए बदलाव, जीत की संभावनाएं तथा चुनौतीपूर्ण सीटों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जानकारी के अनुसार, अमित शाह के पास पहले से इन क्षेत्रों की रिपोर्ट उपलब्ध थी, लेकिन उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्यरत पदाधिकारियों से प्रत्यक्ष जानकारी लेकर स्थिति का सूक्ष्म आकलन किया। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि प्रत्येक क्षेत्र में बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत किया जाए तथा चुनावी अभियान में पूरी शक्ति के साथ कार्य किया जाए। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि केंद्रीय नेतृत्व पूरी मजबूती के साथ प्रदेश संगठन के साथ खड़ा है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़