पश्चिम बंगाल
22 Apr, 2026

दांतन हिंसा के बाद बढ़ा तनाव, चुनावी रैली में 54 लोग घायल

दांतन विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में 54 लोग घायल हो गए, कई वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर जांच तेज कर दी गई है।

खड़गपुर, 22 अप्रैल।

पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन विधानसभा क्षेत्र में चुनावी प्रचार के दौरान मंगलवार को अचानक हालात बिगड़ गए और दो पक्षों के बीच हिंसक टकराव हो गया। मोहनपुर थाना क्षेत्र के आंतला गांव में भाजपा की रैली पर कथित हमले के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसमें दोनों पक्षों के कुल 54 लोग घायल हो गए। इनमें भाजपा प्रत्याशी अजीत कुमार जाना भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार भाजपा की ओर से दांतन क्षेत्र में रोड शो निकाला जा रहा था, इसी दौरान आंतला गांव के पास अचानक दो समूह आमने-सामने आ गए और टकराव शुरू हो गया। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई तथा कुछ मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया है, वहीं घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोहनपुर थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया।

भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने चुनाव में हार की आशंका के चलते सुनियोजित तरीके से हमला किया। भाजपा प्रत्याशी अजीत कुमार जाना ने दावा किया कि रैली के दौरान 50 से 60 लोगों ने रॉड, बांस और लाठियों से हमला किया, साथ ही कुछ हमलावरों के पास आग्नेयास्त्र भी थे। उनका कहना है कि कार्यकर्ताओं को बचाने के लिए जब वह वाहन से उतरे तो उन पर भी हमला किया गया।

वहीं तृणमूल कांग्रेस के दांतन से उम्मीदवार मानिक माइती ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि भाजपा समर्थक क्षेत्र में दुकानों में तोड़फोड़ और मारपीट कर रहे थे, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पर घायल होने का नाटक करने का आरोप भी लगाया।

उधर, पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने बताया कि राजनीतिक कार्यक्रम के लिए केवल दो वाहनों की अनुमति दी गई थी, लेकिन रैली में छह वाहन और करीब 80 से 85 मोटरसाइकिल शामिल हो गए। जैसे ही यह रैली बेलदा से मोहनपुर थाना क्षेत्र में पहुंची, आंतला गांव में दो समूहों के बीच झड़प हो गई, जिसमें लगभग 25 से 30 वाहनों में तोड़फोड़ हुई तथा दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी गई।

उन्होंने बताया कि इस घटना में कुल 54 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने अब तक 16 लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

बुधवार सुबह से ही इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है, साथ ही नाका चेकिंग और अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी की जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़