सुपौल, 22 अप्रैल।
सुपौल जिले के करजाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत करजाइन बाजार में मंगलवार शाम लगभग 6 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटित हो गई, जिसमें तेज रफ्तार टैंकलॉरी ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही मृतक का सिर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना में शामिल टैंकलॉरी को जब्त कर लिया।
मृतक की पहचान करजाइन वार्ड संख्या 9 निवासी 45 वर्षीय भोला साह के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि वह बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए। इस हादसे के बाद परिवार पर गहरा दुख टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे दो पुत्रों को छोड़ गए हैं, जिनमें 13 वर्षीय पितम और 12 वर्षीय गौरव शामिल हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की जानकारी मिलने पर वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय तथा प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे और परिजनों व स्थानीय लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को मजबूत करने और भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





.jpg)





