खंडवा, 22 अप्रैल।
खंडवा संसदीय क्षेत्र से सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के परिवार में बुधवार तड़के एक दुखद घटना सामने आई, जब उनके छोटे भाई विश्वनाथ उर्फ बाडू पाटिल (58) ने अपने पैतृक गांव बोहरडा में कुएं में छलांग लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और प्रशासनिक अमला तत्काल सक्रिय हो गया।
जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ पाटिल ने सुबह लगभग 4 बजे खेत स्थित कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर हर्ष सिंह और पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां गोताखोरों की मदद से लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के समय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल दिल्ली में थे, जिन्हें सूचना मिलते ही वे तुरंत बुरहानपुर के लिए रवाना हो गए। वहीं बोहरडा स्थित उनके आवास पर सांत्वना देने वालों की भारी भीड़ जुट गई। नेपानगर विधायक मंजू दादू सहित भाजपा और कांग्रेस के कई जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। भीड़ और संवेदनशील स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
परिजनों के अनुसार, अंतिम संस्कार गुरुवार को पैतृक गांव बोहरडा में किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है और हर पहलू पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है, जबकि अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक रूप से मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है।






.jpg)



