ग्वालियर, 22 अप्रैल
ग्वालियर के तानसेन नगर क्षेत्र में सीवर लाइनों की सफाई को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को सुपर सकर मशीन के माध्यम से कार्य निरंतर जारी रहा। यह अभियान ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की पहल पर जन कल्याण समिति और नगर निगम के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। मंत्री तोमर ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को सीवर जाम, ओवरफ्लो और दुर्गंध जैसी समस्याओं से पूरी तरह मुक्ति दिलाना सरकार का संकल्प है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता में शामिल है, जिसके लिए यह अभियान लगातार जारी रखा गया है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से लंबे समय से चोक पड़ी सीवर लाइनों की सफाई कर तेजी से सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। शहर के प्रत्येक गली, मोहल्ले और वार्ड को स्वच्छ बनाने के लिए सुनियोजित तरीके से कार्य किया जा रहा है, जिसमें सुपर सकर मशीनों का उपयोग कर सफाई को प्रभावी बनाया जा रहा है।
मंत्री तोमर ने यह भी कहा कि आधुनिक तकनीकों के जरिए सीवर की संपूर्ण सफाई सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। नगरीय क्षेत्रों में सीवर सफाई को आवश्यक प्रक्रिया बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे पाइपों में जमा गंदगी, ग्रीस, मलबा और पेड़ों की जड़ों को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाया जा रहा है। साथ ही तकनीकी संसाधनों के उपयोग से इस कार्य को सुरक्षित और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।





.jpg)



