भोपाल, 22 अप्रैल
सिविल सेवा दिवस के अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग की उपलब्धियों को सराहते हुए राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने विभाग द्वारा किए जा रहे नवाचारों और गुणवत्तापूर्ण कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी का योगदान सराहनीय है और इसी के चलते शिक्षा के स्तर में लगातार सुधार हो रहा है।
मंत्री सिंह ने कहा कि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था मजबूत हो रही है। उन्होंने बताया कि भोपाल स्थित प्रशासन अकादमी में आयोजित “साधना सप्ताह” कार्यक्रम के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग ने तृतीय स्थान हासिल किया है, जो सामूहिक प्रयासों और बेहतर समन्वय का परिणाम है।
उन्होंने इस उपलब्धि को विभागीय टीमवर्क, समर्पण और सतत प्रयासों का प्रतीक बताते हुए सभी संबंधितों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान नवाचार के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया, जिससे शिक्षा क्षेत्र में नए प्रयोगों को बढ़ावा मिल रहा है।
इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षक प्रेमलता उपाध्याय को नवाचारी अधिगम सामग्री विकसित करने के लिए एक लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं “सुपर-100” योजना के तहत जेईई और नीट परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भोपाल के प्राचार्य सुधाकर पाराशर और शिक्षक एकता पाठक (गणित), सीमा माथुर (रसायन), भारती द्विवेदी (जीव विज्ञान) तथा गुलाब सिंह (भौतिक विज्ञान) को संयुक्त रूप से एक लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।









