अपराध
22 Apr, 2026

महोबा कांड: मानसिक उत्पीड़न से युवती ने की आत्महत्या, पुलिस ने दर्ज किया केस

महोबा में रिश्तों के दबाव और मानसिक उत्पीड़न से परेशान युवती द्वारा सल्फास सेवन कर आत्महत्या करने के मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

महोबा, 22 अप्रैल।

महोबा जनपद में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां एक युवती पर उसके रिश्ते के मामा और अन्य परिजनों द्वारा जबरन विवाह का दबाव बनाया गया और मोबाइल संदेशों के माध्यम से लगातार मानसिक प्रताड़ना दी गई। इस दबाव और भय के चलते युवती ने सल्फास का सेवन कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मामले में मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हमीरपुर जनपद के राठ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की 20 वर्षीय पुत्री बचपन से ही अपने ननिहाल महोबा जिले के पनवाड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में रह रही थी। आरोप है कि इसी दौरान रिश्ते के मामा द्वारा उसे बहलाने-फुसलाने और भगाने का दबाव बनाया जाने लगा, साथ ही लगातार संदेश भेजकर परेशान किया जाता रहा। बाद में आरोपित ने युवती पर दबाव डालते हुए कहा कि वह सल्फास की गोलियां लेकर आया है और या तो वह उसे खा ले या फिर वह स्वयं खा ले, अथवा उससे विवाह कर ले।

महिला के अनुसार, जब युवती ने इस दबाव का विरोध किया तो उसे सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी गई। इसकी जानकारी युवती ने आरोपित के परिजनों को भी दी, लेकिन परिजनों द्वारा भी विवाह के लिए दबाव बनाए जाने का सिलसिला जारी रहा। लगातार मानसिक तनाव के बीच युवती ने 16 मार्च को अपनी मां को पूरी स्थिति से अवगत कराया और ननिहाल छोड़कर साथ रहने की इच्छा जताई।

पीड़िता की मां का कहना है कि लगातार उत्पीड़न और भय के कारण 17 मार्च की देर रात युवती ने सल्फास का सेवन कर लिया, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों के अनुसार इस घटना में आरोपित का सगा भाई भी शामिल है। मामले की शिकायत थाना पनवाड़ी में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बताया कि चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़