पटना, 22 अप्रैल।
पटना में बीती रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात आरोपी घायल हो गया, जिसे जवाबी कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान दिलीप कुमार के रूप में हुई है, जो हाल ही में ज्वेलरी दुकान में हुई लूट की घटना में शामिल बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र स्थित एक ज्वेलरी दुकान में दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी एवं वैज्ञानिक जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले एक आरोपी उदित कुमार को गिरफ्तार किया, जिसके बाद पूछताछ में अन्य साथियों की जानकारी सामने आई और मुख्य आरोपी दिलीप कुमार तथा रोहन को भी पकड़ लिया गया।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि दिलीप कुमार ने लूट के दौरान दुकानदार के साथ मारपीट कर उसे घायल किया था। इसके बाद पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने के लिए छापेमारी करने पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने छिपाए गए लोडेड हथियार से पुलिस अधिकारी पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।





.jpg)





