देहरादून, 26 मार्च 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून-पिथौरागढ़–देहरादून विमान सेवा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से पिथौरागढ़ और देहरादून के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग एक घंटा रह जाएगा और इसे सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले हवाई यात्रा केवल संपन्न वर्ग तक सीमित मानी जाती थी, लेकिन वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई उड़ान योजना से आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा सुलभ हुई। योजना का उद्देश्य छोटे शहरों और दूरदराज क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार ने उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले दस वर्षों में 29 हजार करोड़ रुपये के निवेश से 100 नए हवाई अड्डे और 200 हेलीपैड विकसित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं। ये दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार के लिए बड़े अस्पताल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। वर्तमान में राज्य में उड़ान योजना के तहत 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं और उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना के अंतर्गत 6 हवाई मार्गों पर नियमित उड़ानें उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में राज्य में हेलिपोर्ट की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है। राज्य को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुका है। नई सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और सीमांत क्षेत्रों का विकास तेज होगा। यह सेवा एलाइंस एयर के 42 सीटर विमान से संचालित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास पर लगभग 450 करोड़ रुपये व्यय किए जाने की जानकारी दी और नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और राज्य सरकार के बीच समझौते का उल्लेख किया। कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश भेजकर शुभकामनाएं दीं। समारोह में कैबिनेट मंत्री, विधायक और हवाई सेवा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।










