नई दिल्ली, 30 अप्रैल।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सुखो खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 70 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘प्लैटिनम जुबली’ समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान की उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और संस्कारों का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।
समारोह को संबोधित करते हुए सिरसा ने कहा कि यह शैक्षणिक संस्थान केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं दे रहा है, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, गुरुमुखी परंपरा और उच्च नैतिक मूल्यों से भी जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा की वास्तविक शक्ति वही है, जो व्यक्ति को योग्य बनाने के साथ-साथ मानवता और अपनी विरासत के सम्मान का भी पाठ पढ़ाए।
उन्होंने स्कूल प्रबंधन और सभी शिक्षकों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी और उनके प्रयासों की सराहना की। सिरसा ने यह भी कामना की कि गुरु साहिब की कृपा संस्थान पर सदैव बनी रहे और यह विद्यालय भविष्य में भी ज्ञान का प्रकाश फैलाता रहे।
उन्होंने कहा कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाला प्रत्येक विद्यार्थी आगे बढ़कर अपने परिवार और देश का नाम गौरवान्वित करे।



.jpg)






