24 मार्च, नई दिल्ली
घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच मजबूती बनी हुई है। पश्चिम एशिया में संभावित सीजफायर की खबर के बीच बाजार की शुरुआत जोरदार उछाल के साथ हुई, लेकिन खुलने के बाद सस्पेंस के कारण लिवालों और बिकवालों के बीच संतुलन बिगड़ने लगा। इसका असर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल पर पड़ा।
शुरुआती कारोबार में बिकवालों का दबाव नजर आया, फिर भी बाजार में शुरुआती तेजी की वजह से दोनों सूचकांक मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 1.05 प्रतिशत और निफ्टी 1.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
इस दौरान प्रमुख शेयरों में अपोलो हॉस्पिटल, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंटरग्लोब एवियशन, बजाज ऑटो और श्रीराम फाइनेंस 2.23 प्रतिशत से 2.93 प्रतिशत तक मजबूत रहे। जबकि पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, आईटीसी, इंफोसिस और कोल इंडिया 0.04 प्रतिशत से 2.42 प्रतिशत तक कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
आज तक स्टॉक मार्केट में 2,724 शेयरों में ट्रेडिंग हो रही थी, जिनमें 2,312 शेयर हरे निशान में और 412 लाल निशान में थे। सेंसेक्स में 30 शेयरों में से 27 हरे और तीन लाल निशान में थे, जबकि निफ्टी के 50 शेयरों में से 47 हरे और तीन लाल निशान में थे।
बीएसई सेंसेक्स आज 1,516.08 अंक मजबूत होकर 74,212.47 अंक पर खुला। शुरुआती 15 मिनट में बिकवालों के दबाव से यह सूचकांक 900 अंक गिरकर 73,302.32 अंक तक आ गया। लगातार खरीद और बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 764.92 अंक की मजबूती के साथ 73,461.31 अंक पर था।
एनएसई निफ्टी ने 365.80 अंक बढ़कर 22,878.45 अंक पर कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती बिकवाली से यह सूचकांक 175 अंक गिरकर 22,701.20 अंक तक पहुंच गया, लेकिन फिर खरीदारों के दबाव से स्थिति सुधरी और सुबह 10 बजे तक निफ्टी 233.25 अंक बढ़कर 22,745.90 अंक पर कारोबार कर रहा था।
पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 1,836.57 अंक यानी 2.46 प्रतिशत गिरकर 72,696.39 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 601.85 अंक यानी 2.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,512.65 अंक पर बंद हुआ था।












