नई दिल्ली, 31 मार्च।
घरेलू सर्राफा बाजार में मंगलवार को हाजिर चांदी की कीमतों में दोपहर तक मामूली गिरावट देखी गई। शुरुआत में स्थिर रहने वाली चांदी में 300 से 400 रुपये प्रति किलोग्राम तक की कमजोरी दर्ज की गई। दोपहर एक बजे देश के विभिन्न सर्राफा बाजारों में चांदी 2,44,400 रुपये प्रति किलोग्राम से लेकर 2,55,100 रुपये प्रति किलोग्राम तक के दामों पर कारोबार कर रही थी।
दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी 300 रुपये गिरकर 2,44,600 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई। इसी तरह मुंबई, अहमदाबाद और कोलकाता में भी 300 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट के साथ 2,44,400 रुपये के भाव पर चांदी बिक रही थी। जयपुर, सूरत और पुणे में चांदी 2,44,700 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर स्थिर रही।
बेंगलुरु में चांदी की कीमत 400 रुपये घटकर 2,44,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई, जबकि पटना और भुवनेश्वर में 300 रुपये प्रति किलोग्राम की कमजोरी के साथ 2,44,500 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार हो रहा था। हैदराबाद में चांदी 400 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती होकर 2,55,000 रुपये के स्तर पर रही। देश में सबसे महंगी चांदी चेन्नई में रही, जहां कीमत 300 रुपये गिरकर 2,55,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई।
बुलियन मार्केट विशेषज्ञ मयंक मोहन ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण चांदी की इंडस्ट्रियल डिमांड में गिरावट आई है। जनवरी तक इंडस्ट्रियल मांग बढ़ने के चलते लंदन सिल्वर मार्केट में चांदी की सप्लाई सीमित रही थी, जिससे कीमतें चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुँच गई थीं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में वर्तमान में इंडस्ट्रियल डिमांड में कमी के कारण चांदी की उपलब्धता बढ़ गई है। इसका असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा और चांदी अपने ऑल टाइम हाई से डेढ़ लाख रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक लुढ़क गई। मयंक मोहन ने निवेशकों को चेतावनी दी कि कीमत में आई गिरावट के बावजूद छोटे निवेशकों को संभलकर निवेश करना चाहिए, अन्यथा नुकसान उठाना पड़ सकता है।












