कानपुर, 01 अप्रैल।
शहर की आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को और अधिक सक्षम बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने डायल 112 सेवा को नई ताकत दी है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बुधवार को बताया कि इस सेवा को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि किसी भी घटना पर पुलिस की पहुंच न्यूनतम समय में सुनिश्चित हो और आमजन को तत्काल राहत मिल सके।
इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने अपने वाहन बेड़े में 19 नई इनोवा गाड़ियों को शामिल किया है। इन आधुनिक वाहनों को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड से हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जोन में तैनाती के लिए रवाना किया गया।
इन नई गाड़ियों के शामिल होने के बाद अब डायल 112 के अंतर्गत संचालित इनोवा वाहनों की संख्या 109 तक पहुंच गई है। नई गाड़ियों को विशेष रूप से उन क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा जहां घटनाओं की संभावना अधिक रहती है या कॉल वॉल्यूम ज्यादा होता है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि डायल 112 सेवा आम नागरिकों के लिए सबसे भरोसेमंद आपातकालीन व्यवस्था बन चुकी है। इस सेवा की तकनीकी मजबूती और संसाधनों का विस्तार समय पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि नई गाड़ियों से गश्त व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और पुलिस की मौजूदगी नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाएगी। इससे न केवल अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित नियंत्रण भी स्थापित किया जा सकेगा।
आयोजकों ने यह भी बताया कि इस पहल के तहत भविष्य में और संसाधनों को बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है, जिससे डायल 112 सेवा और अधिक सक्षम, आधुनिक और प्रभावी बनेगी।












