नई दिल्ली, 13 मई।
नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में बुधवार को “पंजाबी सांस्कृतिक सम्मेलन 2026” का आयोजन किया गया। यूनाइटेड नेशन वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को पंजाबी अकादमी, उर्दू अकादमी तथा कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग, दिल्ली के सहयोग से संपन्न कराया गया। आयोजन का उद्देश्य सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता और भाईचारे को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल कृष्णा नगर के विधायक एवं दिल्ली होम्योपैथिक बोर्ड तथा ईस्ट दिल्ली डेवलपमेंट कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अनिल गोयल ने कहा कि पंजाब की संस्कृति किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की पहचान और गौरव का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को जोड़ने, युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान डॉ. अमरिंदर सिंह मलिहा और डॉ. कनिष्क यादव ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनते हैं।
यूनाइटेड नेशन वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्ष एडवोकेट डॉ. प्रियंका अरोड़ा ने कहा कि दिल्ली सरकार की पंजाबी अकादमी और उर्दू अकादमी के सहयोग से यह आयोजन भव्यता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में प्रेम, एकता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करना भी है।
कार्यक्रम के दौरान कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग, दिल्ली के अतिरिक्त सचिव लेखराज को यूनाइटेड नेशन वेलफेयर फाउंडेशन का संरक्षक घोषित किए जाने की औपचारिक घोषणा भी की गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को खास बना दिया। पंजाबी लोक संगीत, गायन, पारंपरिक गिद्धा नृत्य और अन्य रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं साबरी ब्रदर्स की सूफी संगीत प्रस्तुति ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक रंगों से सराबोर कर दिया। कलाकारों ने मंच पर पंजाब की समृद्ध और जीवंत सांस्कृतिक परंपरा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन सोनू और पूनम शर्मा ने किया।
इस अवसर पर कई विशिष्ट और विशेष अतिथि भी मौजूद रहे। इनमें आलोक मिश्रा, घेवर चंद, परफेक्ट फाइनेंस एंड ग्रुप के संस्थापक एवं अध्यक्ष रामावतार किला, गुरुजी जय नारायण, यूएनडब्ल्यूएफ के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष डी.पी. परमार, डॉ. कनिष्क यादव, संजय शर्मा, वर्षा जायसवाल समेत अनेक समाजसेवी, शिक्षाविद, कलाकार और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग शामिल हुए।




.jpg)





.jpg)


.jpg)