नई दिल्ली, 20 मार्च।
घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान सकारात्मक रुझान देखने को मिला। बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई और खुलते ही निवेशकों की सक्रिय खरीदारी के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों में तेजी और तेज हो गई। बीच-बीच में मुनाफावसूली का दबाव जरूर बना, लेकिन इसके बावजूद दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बने रहे। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 1.12 प्रतिशत और निफ्टी 1.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखाई दिए।
इस दौरान दिग्गज शेयरों में टाटा स्टील, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, कोल इंडिया, जेएसडब्ल्यू स्टील और टेक महिंद्रा के शेयरों में 4.17 प्रतिशत से 2.69 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई। वहीं एचडीएफसी बैंक, श्रीराम फाइनेंस, एचडीएफसी लाइफ, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और बजाज फाइनेंस के शेयरों में 1.33 प्रतिशत से 0.06 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई।
बाजार में कुल 2,667 शेयरों में कारोबार हो रहा था, जिनमें से 2,375 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में और 292 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में थे। सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि 2 शेयर दबाव में थे। वहीं निफ्टी के 50 में से 44 शेयर बढ़त में और 6 शेयर कमजोरी के साथ कारोबार करते नजर आए।
बीएसई का सेंसेक्स 352.14 अंक की बढ़त के साथ 74,559.38 अंक पर खुला और शुरुआती 20 मिनट में ही तेज खरीदारी के चलते 75,204.64 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफावसूली के कारण इसमें हल्की गिरावट आई। सुबह 10 बजे तक यह सूचकांक 830.44 अंक चढ़कर 75,037.68 अंक पर कारोबार करता रहा।
इसी तरह एनएसई का निफ्टी 108 अंक की तेजी के साथ 23,110.15 अंक पर खुला। शुरुआती खरीदारी के दम पर यह 23,319.70 अंक तक पहुंच गया, लेकिन बाद में कुछ गिरावट आई। सुबह 10 बजे तक निफ्टी 245.20 अंक की मजबूती के साथ 23,247.35 अंक पर कारोबार कर रहा था।
गौरतलब है कि पिछले कारोबारी सत्र में गुरुवार को सेंसेक्स 2,496.89 अंक यानी 3.26 प्रतिशत गिरकर 74,207.24 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 775.65 अंक यानी 3.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,002.15 अंक पर बंद हुआ था।












