पाली, 02 अप्रैल 2026।
मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र के कराड़ी गांव में एक भयावह वारदात सामने आई है, जहां पैंसठ वर्षीय महिला प्यारी देवी की निर्मम हत्या कर दी गई और उसके गहने लूट लिए गए। शव बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे गांव के सूखे तालाब में पाया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, मृतका प्यारी देवी पत्नी स्वर्गीय रामलाल थी। उनके गले पर धारदार हथियार से गंभीर वार के निशान पाए गए, जबकि दोनों पैर कटे हुए थे। महिला के कान, गले और पैरों में पहने गए गहने भी गायब थे। प्रथम दृष्टया यह मामला लूट के इरादे से हत्या का प्रतीत हो रहा है।
थानाधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि आशंका है कि बदमाशों ने पहले महिला की गला काटकर हत्या की और उसके बाद पैरों में पहने चांदी के कड़े निकालने का प्रयास किया। कड़े नहीं निकलने पर उन्होंने दोनों पैर काट दिए और गहने लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सैन घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस टीम को हर एंगल से जांच करने और आरोपितों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। परिजनों के अनुसार, प्यारी देवी बुधवार दोपहर करीब 12 बजे खेत पर गई थीं, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटीं। रात करीब 8:30 बजे उनका शव सूखे तालाब में मिला।
जानकारी के अनुसार, महिला ने पैरों में करीब आधा किलो चांदी के कड़े, कानों में सोने के झुमके और गले में लगभग 3 तोला सोने की मादलिया पहनी थी, जिसे बदमाश लूटकर फरार हो गए। घटना से कुछ घंटे पहले प्यारी देवी ने अपनी बेटी से फोन पर बातचीत की थी और बताया था कि खेत में दो अनजान युवक केर तोड़ रहे हैं। पुलिस अब उन संदिग्धों की तलाश में जुटी है।












