रक्षा व सुरक्षा
05 May, 2026

भारत-म्यांमार नौसेना सहयोग पर जोर, एडमिरल त्रिपाठी की अहम बैठक

एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने म्यांमार में उच्चस्तरीय बैठकों के दौरान समुद्री सुरक्षा, प्रशिक्षण और रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया।

नेप्यीडॉ, 05 मई

चीफ ऑफ नेवल स्टाफ एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने म्यांमार की राजधानी नेप्यीडॉ में म्यांमार नौसेना के कमांडर-इन-चीफ एडमिरल ह्टिन विन से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।

इस दौरान दोनों पक्षों के बीच समुद्री सहयोग को बढ़ाने, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, मोबाइल ट्रेनिंग टीम्स, हाइड्रोग्राफी और आपसी तालमेल को सुदृढ़ करने जैसे अहम विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

भारतीय नौसेना के अनुसार यह बैठक दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच संबंधों को नई मजबूती देने और बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

बैठक में साझा दृष्टिकोण के तहत समुद्री खतरों से मिलकर निपटने और सहयोग को और गहरा करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

इससे पहले एडमिरल त्रिपाठी ने म्यांमार के रक्षा मंत्री जनरल ह्टुन आंग से भी मुलाकात कर दोनों देशों के रक्षा संबंधों की समीक्षा की और भविष्य की प्राथमिकताओं पर चर्चा की।

चार दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने म्यांमार नौसेना के सेंट्रल नेवल कमांड और ट्रेनिंग कमांड के वरिष्ठ अधिकारियों से भी भेंट की, जहां रक्षा सहयोग, ऑपरेशनल समन्वय और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।

यांगून स्थित सेंट्रल नेवल कमांड मुख्यालय में उनका औपचारिक स्वागत किया गया, जहां उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समुद्री सुरक्षा, रक्षा साझेदारी और सुरक्षित समुद्री वातावरण सुनिश्चित करने के विषयों पर विचार साझा किए।

इसके अलावा एडमिरल त्रिपाठी ने नेवल ट्रेनिंग कमांड का दौरा कर वहां की प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली और भारत की सहायता से तैयार किए गए कुछ परियोजनाएं भी सौंपीं, जिनमें कंटेनर आधारित छोटे हथियार सिम्युलेटर और विशेष नौकाएं शामिल हैं।

भारतीय नौसेना के अनुसार यह दौरा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों को और सुदृढ़ करता है, जो आपसी विश्वास, सम्मान और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा की साझा सोच पर आधारित हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

25° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़