किशनगंज, 31 मार्च।
बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने मंगलवार को किशनगंज के एसडीपीओ-वन गौतम कुमार के खिलाफ बड़ी छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। इस कार्रवाई का दायरा न केवल किशनगंज तक सीमित रहा, बल्कि पूर्णिया, अररिया, पटना और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में भी एक साथ अभियान चलाया गया।
ईओयू की टीम मंगलवार सुबह करीब आठ बजे किशनगंज में तीन वाहनों के साथ गौतम कुमार के आवास और कार्यालय पहुंची। टीम में लगभग 12 अधिकारी शामिल हैं, जो दस्तावेज़, संपत्ति संबंधी कागजात और अन्य महत्वपूर्ण सामानों की जांच कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कड़ी रखी गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गौतम कुमार पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है और लगभग 1 करोड़ 94 लाख रुपये की अवैध संपत्ति सामने आई है।
जांच के दौरान बैंक दस्तावेज, जमीन खरीद-बिक्री के कागजात और अन्य वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जा रही है। गौतम कुमार का पुश्तैनी घर सहरसा में है, पटना में उनका मकान है और पूर्णिया में उनका ससुराल भी जांच के दायरे में शामिल है। किशनगंज में वे फिलहाल मौजूद हैं।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में गौतम कुमार ने किशनगंज जिले में अवैध बालू खनन, लॉटरी माफिया, तस्करी और लूट के कई मामलों में कार्रवाई की थी, जिसमें बड़े गिरोहों का भंडाफोड़ किया गया। वहीं, उनके खिलाफ कथित काली कमाई और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिलने के बाद यह जांच अभियान शुरू किया गया है।
जांच पूरी होने के बाद ही मामले का पूरी तरह खुलासा होने की संभावना है।












