पटना, 24 मार्च।
बिहार में शिवहर जिले के उप विकास आयुक्त ब्रजेश कुमार के पटना सहित शिवहर, बेतिया, पूर्वी चंपारण और सीतामढ़ी में कई ठिकानों पर विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने मंगलवार सुबह छापेमारी की। कार्रवाई का उद्देश्य आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच करना है।
एसवीयू ने बृजेश कुमार के खिलाफ कांड संख्या-11/2026 दर्ज किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए और लोक सेवक के रूप में अपने पद का दुरुपयोग कर लगभग 1 करोड़ 84 लाख 32 हजार 900 रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की। यह राशि उनके ज्ञात वैध आय स्रोतों से काफी अधिक पाई गई।
विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना ने तलाशी वारंट जारी किया। इसके आधार पर निगरानी टीमों ने आरोपी के सरकारी कार्यालयों और आवासीय परिसरों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। शिवहर जिला मुख्यालय में उनके सरकारी आवास और समाहरणालय स्थित कार्यालय में सघन जांच की जा रही है।
टीम ने सीतामढ़ी के प्रतापनगर स्थित उनके ससुराल सहित पटना और शिवहर के अन्य ठिकानों पर भी दबिश दी। दो घंटे से दोनों स्थानों पर जेवरात और संपत्ति से जुड़े कागजातों की जांच की गई। इसके अलावा पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज, पश्चिमी चंपारण के बेतिया और पटना स्थित आवासों पर भी एसवीयू ने रेड की।
छापेमारी के दौरान दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड, संपत्ति के कागजात और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और संपत्तियों का विस्तृत आकलन किया जाएगा। निगरानी इकाई ने स्पष्ट किया कि जांच जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है।












