फिरोजाबाद, 30 अप्रैल
जनपद फिरोजाबाद में सर्विलांस और जनपदीय पुलिस टीम ने अभियान चलाकर गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस ने कुल 106 मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 19 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में गुम मोबाइलों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सर्विलांस प्रभारी मुकेश कुमार ने विभिन्न थानों की पुलिस टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर प्राप्त शिकायतों की गहन जांच की और भिन्न-भिन्न कंपनियों के कुल 106 मोबाइल फोन बरामद किए।
इन सभी मोबाइलों को संबंधित आवेदकों को विधिवत सुपुर्द कर दिया गया। इस अभियान के तहत अब तक कुल 1276 मोबाइल फोन विभिन्न जिलों और राज्यों की पुलिस के सहयोग से बरामद किए जा चुके हैं।
मोबाइल वापस मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया और इसे जनता के लिए राहत भरी पहल बताया।









