काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर टर्किश एयरलाइंस के विमान को रनवे से हटाए जाने के बाद हवाई संचालन एक बार फिर सामान्य कर दिया गया है। विमान की लैंडिंग के दौरान आग लगने की घटना के कारण हवाई अड्डा लगभग दो घंटे तक बंद रहा, जिससे उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई थीं।
विमानस्थल कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 9 बजे हवाई अड्डे पर उड़ान और लैंडिंग की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई। बंदी के दौरान जिन विमानों को डायवर्ट किया गया था, उन्हें अब क्रमवार रूप से दोबारा लैंडिंग की अनुमति दी जा रही है।
हवाई अड्डा बंद रहने के दौरान कई उड़ानों को वैकल्पिक हवाई अड्डों पर भेजना पड़ा। इनमें वाराणसी से आ रहे बुद्धा एयर के विमान को सिमरा, श्री एयरलाइंस को विराटनगर, एयर इंडिया को दिल्ली तथा फ्लाई दुबई की उड़ान को लखनऊ की ओर मोड़ना पड़ा।
वहीं ताजा जानकारी के अनुसार दिल्ली से आई एयर इंडिया, शारजाह से एयर अरेबिया, दोहा से कतर एयर, दुबई से फ्लाई दुबई तथा मलेशिया से नेपाल एयरलाइंस की उड़ानों की सफल लैंडिंग हो चुकी है। हांगकांग से आ रहा हिमालय एयरलाइंस का विमान अभी लैंडिंग प्रक्रिया में है।
रनवे बंद होने की वजह से काठमांडू से उड़ान भरने वाली कई सेवाएं भी प्रभावित हुईं, हालांकि अब उन्हें अनुमति दे दी गई है। इनमें एयर इंडिया (दिल्ली), हिमालय एयरलाइंस (ल्हासा), जजीरा एयर (कुवैत), एयर एरेबिया (शारजाह) और बुद्ध एयर (वाराणसी) शामिल हैं।
उधर, जिस टर्किश विमान में आग लगी थी, उसकी काठमांडू–इस्तांबुल उड़ान को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। इस घटना के कारण घरेलू उड़ानों के संचालन में भी देरी देखने को मिली।










.jpg)
