काठमांडू, 11 मई
नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब टर्किश एयरलाइंस के एक विमान की लैंडिंग के दौरान उसके पहियों में आग लग गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान में लगी आग पर दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई कर नियंत्रण पा लिया। सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार इस्तांबुल से काठमांडू आ रही यह उड़ान संख्या टीके 726 थी, जिसमें चार बच्चों सहित कुल 277 यात्री सवार थे। लैंडिंग के दौरान सुबह लगभग पौने सात बजे विमान के पहियों में आग लगने की घटना सामने आई। आपात स्थिति में यात्रियों को आपातकालीन दरवाजों के माध्यम से बाहर निकाला गया, हालांकि इस दौरान कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
विमान रनवे पर ही रुक जाने के कारण हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन प्रभावित हो गया। इसके चलते कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अस्थायी रूप से आकाश में ही रोकना पड़ा। दिल्ली से आ रही एयर इंडिया की उड़ान एआई 215 और शारजाह से आ रही जी9 536 को होल्ड पर रखा गया है।
इसके अलावा भूटान के पारो से आने वाली ड्रक एयर, दुबई से फ्लाई दुबई, साथ ही क्वालालंपुर और ग्वांझाओ से आ रही नेपाल एयरलाइंस की उड़ानों को भी अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, जिससे हवाई यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है।










.jpg)
