मध्य-पूर्व
11 May, 2026

होर्मुज स्ट्रेट पर बढ़ा तनाव, शांति कोशिशों को झटका, अमेरिका-ईरान फिर आमने-सामने

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीदों को लगा झटका, जिससे क्षेत्र में टकराव की आशंका बढ़ गई है।

तेहरान, 11 मई

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव कम होने के संकेत फिलहाल कमजोर पड़ते नजर आ रहे हैं। फरवरी के आखिर से दोनों देशों के बीच बढ़ी तल्खी अब और तेज हो सकती है, क्योंकि हालिया कूटनीतिक कोशिशों को बड़ा झटका लगा है। युद्ध टालने और हालात सामान्य करने के लिए सामने आए प्रस्तावों पर सहमति नहीं बन पाई है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वाशिंगटन की ओर से दिए गए शांति प्रस्ताव पर ईरान की प्रतिक्रिया को पूरी तरह अस्वीकार्य करार दिया है। दूसरी ओर, ईरानी सेना ने अमेरिका और इजराइल को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि फिर से आक्रामक गतिविधियां शुरू होती हैं तो दोनों देशों को कल्पना से परे परिणामों का सामना करना पड़ सकता है।

ईरान ने अपने जवाब में संकेत दिए हैं कि वह टकराव को रोकने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए उसने कई शर्तें रखी हैं। इनमें अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी तत्काल हटाना, प्रतिबंध समाप्त करना और परमाणु कार्यक्रम व विदेश नीति में हस्तक्षेप नहीं करने जैसी मांगें शामिल हैं। हालांकि अमेरिका ने इन शर्तों को मानने से इनकार कर दिया है। ट्रंप का कहना है कि अमेरिका ऐसा कोई कदम नहीं उठाएगा, जिससे सुरक्षा हित प्रभावित हों।

अमेरिका का मानना है कि ईरान परमाणु शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इजराइल के खिलाफ आक्रामक क्षमता भी रखता है। साथ ही अमेरिका, हमास और हिजबुल्ला जैसे समूहों को मिलने वाले समर्थन को भी समाप्त करना चाहता है। यही कारण है कि दोनों देशों के बीच कई ऐसे मुद्दे बने हुए हैं, जो समझौते की राह में बड़ी बाधा साबित हो रहे हैं।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर ईरानी प्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ईरान की प्रतिक्रिया उन्हें स्वीकार्य नहीं है। साथ ही उन्होंने पूर्व परमाणु समझौते और ईरान की नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए तीखी टिप्पणी की।

इस बीच, ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में फ्रांस और ब्रिटेन की संभावित भूमिका को लेकर भी चेतावनी दी है। ईरान के उप विदेश मंत्री ने कहा कि यदि किसी ने अमेरिका की कार्रवाई का साथ दिया तो सशस्त्र बल तत्काल और निर्णायक प्रतिक्रिया देंगे। इसके जवाब में फ्रांस ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य सैन्य तैनाती नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

उधर, ब्रिटिश रॉयल नेवी ने बताया कि इस सप्ताह एचएमएस ड्रैगन को मध्य पूर्व में तैनात किया जाएगा। यह युद्धपोत हवाई हमलों और मिसाइल जैसे खतरों से सुरक्षा देने के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़