राजनीति
05 May, 2026

बंगाल जीत के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने काली मंदिर में किए दर्शन, जनादेश को बताया बड़ा बदलाव

पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने काली मंदिर में पूजा कर इसे राजनीति में बदलाव और महिलाओं के सशक्त जनादेश का प्रतीक बताया।

नई दिल्ली, 05 मई।

पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ सीआर पार्क स्थित काली मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।

दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री ने इस जनादेश को भारतीय राजनीति में एक अहम बदलाव का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विकास और राष्ट्रहित की राजनीति को व्यापक समर्थन मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक भगवा ध्वज का विस्तार जनता के विश्वास का प्रतीक है और यह परिणाम जनसमर्थन की दिशा को स्पष्ट करता है।

‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधा और कहा कि इस कानून का विरोध करने वालों को बंगाल की महिलाओं ने अपने मत से स्पष्ट जवाब दिया है।

उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाओं ने अपने मतदान के माध्यम से यह संदेश दिया है कि वे भय, हिंसा और तुष्टीकरण की राजनीति को स्वीकार नहीं करतीं और अपने अधिकारों के लिए डटकर खड़ी हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह जीत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की सफलता को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों और दबाव के बावजूद महिलाओं ने निर्भीक होकर मतदान किया, जिससे लोकतंत्र को मजबूती मिली और सुशासन की दिशा में कदम आगे बढ़ा।

इस जीत को उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण का परिणाम बताते हुए कहा कि उनके प्रयासों को जनता ने स्वीकार किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विजय लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास का प्रतीक है और बंगाल की जनता द्वारा दिखाया गया साहस पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है।

इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज और ग्रेटर कैलाश की विधायक शिखा राय भी उपस्थित रहीं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

25° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़