नई दिल्ली, 25 मार्च 2026।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने संगम विहार इलाके में गैस सिलेंडर कालाबाजारी का भंडाफोड़ करते हुए 183 सिलेंडर बरामद किए और चार आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की। सहायक पुलिस आयुक्त सतेंद्र मोहन के निर्देशन में इंस्पेक्टर महिपाल सिंह की टीम ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। मौके पर शेर सिंह, सूरज परिहार, रघु राज सिंह और जितेंद्र शर्मा को पकड़ा गया। बरामद 183 सिलेंडरों में 154 भरे हुए और 29 खाली थे, साथ ही लोहे के पाइप, इलेक्ट्रॉनिक कांटे और अन्य उपकरण भी मिले।
जांच में पता चला कि सभी आरोपी इंडेन गैस एजेंसी के रजिस्टर्ड डिलीवरी एजेंट थे और संगम विहार में गैस की सप्लाई करते थे। आरोप है कि ये सिलेंडर उठाकर ग्राहकों को देने की बजाय किराए के गोदामों में जमा कर देते थे और भरे सिलेंडरों में से गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भरते थे। इसके बाद उन्हें बाजार में तय कीमत से अधिक दाम पर बेचते थे, जिससे मोटा मुनाफा कमाते थे।
पुलिस ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया बेहद खतरनाक थी और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। सभी आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।












