जयपुर, 02 अप्रैल।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गांधी वाटिका और म्यूज़ियम की अनदेखी को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस के दबाव में म्यूज़ियम का ताला खोल दिया, लेकिन अब उसे पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है।
गहलोत ने कहा कि सरकार महात्मा गांधी के विचारों को युवा पीढ़ी तक पहुंचने से रोकना चाहती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों से इतनी भयभीत है कि वह इन विचारों का प्रचार-प्रसार रोक रही है। उनका मानना है कि गांधीजी के विचारों को दबाने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने गांधी वाटिका को लेकर सरकार के सामने दो महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूलों और कॉलेजों के लिए यहां शैक्षणिक भ्रमण अनिवार्य किया जाए और इसके प्रचार-प्रसार के लिए विज्ञापन और अन्य माध्यमों का इस्तेमाल किया जाए।


.jpg)








