मध्य प्रदेश
19 May, 2026

गुना में तालाब किनारे मिला तेंदुए का शव, वाहन टक्कर से मौत की आशंका

मध्यप्रदेश के गुना जिले के राघौगढ़ क्षेत्र में तालाब किनारे तेंदुए का शव मिलने से सनसनी फैल गई है, जहां वन विभाग ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक तौर पर वाहन की टक्कर से मौत की आशंका जताई जा रही है।

गुना, 19 मई ।

गुना जिले के राघौगढ़ क्षेत्र स्थित सबरीनाथ ग्राम पंचायत में मंगलवार सुबह तालाब के किनारे एक तेंदुए का शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी वन विभाग को दी गई।

ग्रामीणों के अनुसार सुबह करीब सात से आठ बजे के बीच कुछ लोग तालाब की ओर गए थे, जहां उन्हें एक तेंदुआ अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। मृत तेंदुआ कम उम्र का मेल शावक बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर राघौगढ़ वन विभाग की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।

वन विभाग के अनुसार प्रारंभिक जांच में किसी संघर्ष या शिकार के संकेत नहीं मिले हैं, हालांकि पोस्टमॉर्टम के दौरान तेंदुए के सिर में गंभीर चोट पाई गई है, जिससे वाहन की टक्कर से मौत की आशंका जताई जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग ने बताया कि यह क्षेत्र जंगल और राजस्व सीमा से सटा हुआ है, जहां वन्यजीवों की आवाजाही सामान्य रहती है, ऐसे में सड़क हादसों की संभावना बनी रहती है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़