शिमला, 19 मई।
शिमला जिला पुलिस ने बार-बार नशा तस्करी में लिप्त रहे अश्विन आहलूवालिया को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन महीने के लिए डिटेन कर जेल भेजा है। यह कार्रवाई ऐसे आदतन अपराधियों को रोकने और समाज से दूर रखने के उद्देश्य से की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अश्विन आहलूवालिया पुत्र भूपेंद्र आहलूवालिया, निवासी राज निवास, बिलो एफएमपीएस, बीसीएस न्यू शिमला के खिलाफ धारा 3(1) पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोधात्मक डिटेंशन आदेश जारी किया गया। हिमाचल प्रदेश सरकार की मंजूरी मिलने के बाद 16 मई को थाना न्यू शिमला पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तीन महीने के लिए एमसी जेल कंडा भेज दिया।
आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के मामलों में शामिल रहा है। वर्ष 2021 में उसके खिलाफ थाना न्यू शिमला में धारा 21, 27 और 29 के तहत मामला दर्ज हुआ था। फरवरी 2024 में उसी थाना में उसके कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। वहीं जून 2025 में थाना ईस्ट शिमला में 11 ग्राम हेरोइन बरामद होने के मामले में आरोपी शामिल पाया गया।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी लगातार नशा तस्करी में सक्रिय रहा और उसके दोबारा अपराध करने की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई अमल में लाई गई। जिला शिमला पुलिस के अनुसार अब तक कुल 40 आरोपियों के खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।






.jpg)







