झाबुआ, 13 मई।
झाबुआ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में गहराते जल संकट को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में हैंडपंप की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने पेयजल समस्या को लेकर जिला मुख्यालय स्थित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी कार्यालय पहुंचकर नाराजगी जाहिर की।
विरोध प्रदर्शन में शामिल महिलाएं सिर पर खाली मटकियां लेकर पहुंचीं और जल संकट के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ महिलाओं ने मटकी फोड़कर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन के बीच मटकी के टुकड़े अधिकारियों की ओर फेंके जाने की बात सामने आई, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बाद में पीएचई अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई।
ग्रामीण इलाकों में बढ़ती पानी की परेशानी को लेकर कांग्रेस ने इसे बड़ा जन मुद्दा बताते हुए प्रदर्शन को व्यापक रूप दिया। झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया और थांदला विधायक वीर सिंह भूरिया के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस विरोध में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने खराब पड़े हैंडपंपों और पेयजल संकट को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने खाली मटकों के साथ पीएचई कार्यालय के बाहर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले के कई गांवों में हैंडपंप बंद पड़े हैं, जिससे भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या के समाधान के बजाय चुप्पी साधे बैठा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। साथ ही शासन और प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों की जल समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की गई।










.jpg)


.jpg)