फतेहपुर, 02 मई
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित राहिमालन का पुरवा गांव में शनिवार को मामूली विवाद के कारण एक हिस्ट्रीशीटर की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक कुन्नू यादव (40) पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वह घर के बाहर गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान, पड़ोसी कमलेश यादव, मनीष, सचिन, सुरेन्द्र सहित अन्य लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और कुन्नू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
कुन्नू की चीख-पुकार सुनकर उसके माता-पिता और भाभी बचाने के लिए दौड़े, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुन्नू की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। थानाध्यक्ष आलोक कुमार पाण्डेय के अनुसार, पड़ोसी द्वारा गाली देने पर विवाद शुरू हुआ था और इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे कुन्नू की जान चली गई। घटना के बाद से गांव में भय का माहौल बना हुआ है।








