अपराध
22 May, 2026

सिलीगुड़ी में सनसनी: नौकाघाट में मिला अज्ञात युवक का निर्वस्त्र शव, हत्या की आशंका

सिलीगुड़ी के नौकाघाट इलाके में महानंदा पुल के पास झाड़ियों से एक अज्ञात युवक का नग्न अवस्था में शव बरामद हुआ है, जिसे लेकर पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है।

सिलीगुड़ी, 22 मई।

शहर के नौकाघाट इलाके में महानंदा पुल के निकट झाड़ियों के बीच एक अज्ञात युवक का निर्वस्त्र शव मिलने से शुक्रवार की सुबह सनसनी फैल गई। राहगीरों ने जब झाड़ियों में शव देखा, तो तत्काल पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही एनजेपी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह युवक इस इलाके का रहने वाला नहीं है, जिससे अंदेशा है कि वह बाहरी हो सकता है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है, लेकिन शव के नग्न अवस्था में मिलने से मामला काफी संदिग्ध नजर आ रहा है। यह आशंका प्रबल है कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से झाड़ियों में फेंका गया होगा।

घटनास्थल नौकाघाट का इलाका काफी सुनसान रहता है, जहाँ अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा और नशाखोरी की घटनाएं होती रहती हैं। इस पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर संभावित दृष्टिकोण से जांच कर रही है कि युवक की मौत नशा करने की वजह से हुई या फिर उसके साथ कोई गंभीर आपराधिक वारदात घटित हुई है। पुलिस फिलहाल शव की शिनाख्त को अपनी पहली प्राथमिकता मान रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का वास्तविक खुलासा हो पाएगा। मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों या घटना से जुड़ा कोई सुराग मिल सके। इस रहस्यमय मौत के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़