अपराध
22 May, 2026

महिला हत्याकांड पर फूटा गुर्जर समाज का गुस्सा, थाने का घेराव

कराहल में महिला की हत्या के विरोध में गुर्जर समाज के लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और थाना प्रभारी को हटाने की मांग उठाई।

श्योपुर, 22 मई ।

श्योपुर जिले के कराहल थाना क्षेत्र में गुर्जर समाज की महिला की धारदार हथियार से हत्या किए जाने के विरोध में शुक्रवार को समाज के सैकड़ों लोगों ने कराहल थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने 24 घंटे के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग उठाते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। साथ ही थाना प्रभारी को हटाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।

जानकारी के अनुसार मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात कराहल के चार खंबा गांव निवासी द्रोपदी गुर्जर अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान देर रात एक अज्ञात बदमाश घर में घुसा और धारदार हथियार से महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और गुर्जर समाज में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।

प्रदर्शन कर रहे समाज के लोगों का कहना था कि बीते पंद्रह दिनों के भीतर क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी घटना है, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी मामले में आरोपितों तक नहीं पहुंच सकी है। इसी कारण लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है।

महिला हत्याकांड को लेकर गुर्जर समाज ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए रात्रिकालीन गश्त नहीं होने को भी जिम्मेदार ठहराया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग थाने के सामने धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कराहल थाना प्रभारी यास्मीन खान को हटाने की मांग भी जोरशोर से उठाई गई।

थाने पर प्रदर्शन के बाद गुर्जर समाज का आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जिला मुख्यालय पहुंचा, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मामले में शीघ्र गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा करने की मांग की। साथ ही कराहल थाना क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था को निष्क्रिय बताते हुए थाना प्रभारी को तत्काल बदले जाने की मांग दोहराई।

इस मामले में बड़ौदा एसडीओपी अवनीत शर्मा ने कहा कि पुलिस तेजी से जांच में जुटी हुई है और हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपित जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़