मेदिनीपुर, 25 मई।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक रमा प्रसाद गिरी ने सोमवार को नारायणगढ़ ब्लॉक स्थित बेलदा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का भ्रमण कर मौजूदा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के समय जिला स्वास्थ्य अधिकारी सौम्य शंकर सारेंगी, नारायणगढ़ ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी सोमनाथ मंडल, खड़गपुर महकमा शासक ज्योति घोष, बेलदा थाना प्रभारी नीलेंदु दास, नारायणगढ़ थाना प्रभारी तिमिर लेट सहित स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक ने अस्पताल की आधारभूत संरचना, चिकित्सा सुविधाओं तथा मरीजों को उपलब्ध सेवाओं का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया।















