कोलकाता, 13 जून।
पश्चिम बंगाल में कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले की जांच की आंच अब तृणमूल विधायक कुणाल घोष तक पहुंच गई है। अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया है। उन्हें रविवार को भवानी भवन स्थित मुख्यालय में हाजिर रहने का निर्देश दिया गया है।
इसी दिन तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी को भी पेश होना है। सूत्रों की मानें तो जांच एजेंसी दोनों नेताओं को आमने-सामने बिठाकर सवालों का सामना करा सकती है।
कुणाल घोष को शुक्रवार को ही इस संबंध में नोटिस भेजा गया था। उन्हें दोपहर ढाई बजे सीआईडी दफ्तर पहुंचने को कहा गया है, वहीं अभिषेक बनर्जी को दोपहर 12 बजे बुलाया गया है। इससे पहले सीआईडी की टीम ने घोष के घर जाकर भी बयान दर्ज किया था।
अभिषेक बनर्जी से गुरुवार को सीआईडी ने करीब साढ़े पांच घंटे तक लंबी पूछताछ की थी। वह जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं, क्योंकि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने उन्हें 21 दिनों का अंतरिम संरक्षण दिया है।
इससे पहले इस मामले के तार कोलकाता के मेयर फिरहाद हाकिम तक भी पहुंचे थे, जिनसे जांच अधिकारियों ने पत्र पर हस्ताक्षर से जुड़े कई सवाल पूछे थे। अब रविवार की पूछताछ इस जांच में काफी अहम मानी जा रही है।
















