पश्चिम बंगाल
26 May, 2026

आईआईटी खड़गपुर में स्पिक मैके के 11वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आगाज, सांस्कृतिक धरोहरों से रूबरू हो रहे प्रतिनिधि

आईआईटी खड़गपुर में स्पिक मैके का 11वां अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ है। सात दिवसीय इस आयोजन में डेढ़ हजार से अधिक प्रतिनिधि भारतीय संस्कृति, कला और आध्यात्मिकता के विभिन्न पहलुओं को सीखेंगे।

खड़गपुर, 26 मई।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के प्रांगण में सोमवार को स्पिक मैके के 11वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश से आए डेढ़ हजार से अधिक प्रतिनिधि भारतीय शास्त्रीय संगीत, आध्यात्मिकता और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के विभिन्न आयामों को करीब से अनुभव करेंगे।

उद्घाटन के पहले दिन प्रख्यात अभिनेता रजित कपूर के साथ एक विशेष संवाद सत्र का आयोजन किया गया। फिल्म ‘द मेकिंग ऑफ द महात्मा’ के प्रदर्शन के बाद, उन्होंने युवाओं को आत्म-जागरूकता, व्यक्तिगत जिम्मेदारी और चरित्र निर्माण के महत्व पर प्रेरित किया। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए स्वयं उदाहरण बनें और अपने दृष्टिकोण को व्यापक रखें।

समारोह का औपचारिक उद्घाटन पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आयोजकों ने सभी प्रतिनिधियों से इस परिसर को एक 'गुरुकुल' की भांति अनुभव करने का आग्रह किया। सत्र के दौरान अनुशासन, समयबद्धता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सजगता पर विशेष जोर दिया गया। सम्मेलन की कार्यप्रणाली के तहत प्रतिदिन ब्रह्म मुहूर्त में योग और ध्यान साधना को अनिवार्य किया गया है, ताकि प्रतिभागियों का मानसिक और आध्यात्मिक विकास हो सके।

सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों के लिए समर्पण, सतर्कता, सादगी और एकाग्रता को सफलता के पांच मुख्य आधार बताया गया। इस दौरान यह भी घोषणा की गई कि स्पिक मैके की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में अगला यानी 12वां अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संस्थान की जन्मस्थली दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

उद्घाटन दिवस की शाम को शास्त्रीय संगीत की सुमधुर प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। नादस्वरम वादन की आध्यात्मिक प्रस्तुति और हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन के माध्यम से पूरे परिसर को ध्यानमय और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया गया। सम्मेलन के आगामी कार्यक्रमों में हठ योग, नाद योग, श्रमदान और गहन कार्यशालाओं के साथ-साथ ओडिसी नृत्य, दास्तानगोई, होजागिरी नृत्य और बांसुरी वादन जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

31° / 43°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़