सुपौल, 26 मई ।
बिहार के सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार में बाइक चोरी के मामले को लेकर पूछताछ करने पहुंचे एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना सिमराही नगर पंचायत के पिपराही रोड स्थित एक मंदिर के पास हुई, जहां विवाद के दौरान युवक पर हमला किया गया।
जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या पांच निवासी एक व्यक्ति की बाइक कुछ दिन पहले चोरी हो गई थी, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक स्थानीय युवक पर बाइक ले जाने का शक जताया गया था।
इसी मामले में संबंधित व्यक्ति का पुत्र आरोपी से पूछताछ करने पहुंचा था, लेकिन बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने चाकू निकालकर युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि उसकी निशानदेही पर चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली गई।
पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।















