मध्य प्रदेश
26 May, 2026

48वीं जनसुनवाई में पहुंचा पीड़ित, पुस्तैनी जमीन विवाद पर छलका दर्द

उमरिया कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में पुस्तैनी जमीन विवाद को लेकर 48वीं बार पहुंचे पीड़ित ने गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की, जिस पर प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

उमरिया, 26 मई ।

उमरिया में मंगलवार को कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

अपनी शिकायतों और आवेदन पावती की प्रतियों को शरीर पर लगाए एक पीड़ित फरियादी न्याय की गुहार लगाते हुए वहां पहुंचा, जिसे देखकर मौजूद लोग आश्चर्यचकित रह गए।

चंदिया निवासी बृजेन्द्र नाथ शुक्ला अपनी पुस्तैनी जमीन के विवाद को लेकर 48वीं बार जनसुनवाई में पहुंचे और उन्होंने आरोप लगाया कि कटनी से जुड़े कथित भूमाफिया उनकी जमीन पर कब्जा कर दबाव बनाकर उसे बेचने के लिए मजबूर कर रहे हैं।

पीड़ित का कहना है कि वह तहसीलदार से लेकर कलेक्टर और कमिश्नर कार्यालय तक कई बार शिकायत कर चुका है, लेकिन अब तक उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी जमीन राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित है, जिसके कारण उस पर कब्जे की लगातार कोशिशें की जा रही हैं।

बृजेन्द्र नाथ शुक्ला ने बताया कि कुछ लोगों ने उनका मोबाइल तोड़ दिया, घर में नुकसान पहुंचाया और फसल में आग लगा दी। उनका आरोप है कि संबंधित लोग प्लॉटिंग का काम करते हैं और प्रभावशाली संरक्षण के चलते प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हो रही है।

जनसुनवाई के दौरान फरियादी के आवेदन और पावती से लदे होने का वीडियो भी लोगों ने बनाया, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। कई लोगों ने इसे व्यवस्था की विफलता बताते हुए सवाल उठाए कि आखिर एक व्यक्ति को न्याय के लिए बार-बार चक्कर क्यों लगाने पड़ रहे हैं।

इस मामले में संयुक्त कलेक्टर ने बताया कि आवेदक का आवेदन प्राप्त कर लिया गया है और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

लगातार कई बार जनसुनवाई में पहुंच चुके इस फरियादी का मामला अब नए प्रशासनिक अधिकारियों के सामने भी एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने आया है और अब यह देखना होगा कि उसे राहत मिलती है या वह इसी तरह न्याय के लिए भटकता रहता है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

31° / 43°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़